Homeउत्तर प्रदेशविंढमगंज में नेशनल हाईवे-39 पर चेचिस और बाइक की टक्कर, बाइक सवार...

विंढमगंज में नेशनल हाईवे-39 पर चेचिस और बाइक की टक्कर, बाइक सवार की मौत

सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोलिन्डूबा में नेशनल हाईवे-39 पर मेदनी खांड लैम्पस के सामने शनिवार को नए चेचिस और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया, जिसे बाद में ग्रामीणों की मदद से रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर-50 के पास पकड़ लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शी कोलिन्डूबा निवासी बंधु राम के अनुसार, चेचिस और बाइक दोनों विंढमगंज की ओर से दुद्धी की तरफ जा रहे थे। वह सड़क किनारे अपने मवेशियों को चारा दे रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा मिला। आसपास के लोगों को सूचना देकर बुलाया गया। इसी बीच चेचिस चालक वाहन लेकर वहां से निकल गया।

ग्रामीणों और प्रशासन की सक्रियता से रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर-50 पर चेचिस को रोक लिया गया। पुलिस ने चेचिस और चालक को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चेचिस चालक प्रिंस कुमार के मुताबिक, बाइक पहले एक कार से टकराई और इसके बाद चेचिस के पिछले पहिये की ओर जा घुसी, जिससे वह वाहन की चपेट में आ गई।

आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अगस्त कुमार पुत्र राजेंद्र राम, निवासी धनराडीह, मकड़ी भवनाथपुर के रूप में बताई जा रही है। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल संख्या UP64 AV 2936 को विंढमगंज पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सड़क सुरक्षा को लेकर अपील

पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने, पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखने और खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर ही यात्रा करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular