Homeउत्तर प्रदेशअलीगढ़ के होटल में युवती पर हमले का आरोप, शादी से इनकार...

अलीगढ़ के होटल में युवती पर हमले का आरोप, शादी से इनकार करने पर गला दबाने की कोशिश

अलीगढ़। शादी से इनकार करने पर एक युवती को होटल में बुलाकर गला दबाकर हत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में युवती को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां वह करीब तीन दिन वेंटिलेटर पर रही। पीड़िता की मां की तहरीर पर बन्नादेवी थाने में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता की मां के अनुसार, लोधा क्षेत्र के ताजपुर रसूलपुर निवासी एक युवक काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और फोन पर संपर्क करने का प्रयास करता था। युवती द्वारा नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद भी अलग-अलग नंबरों से फोन किए जाने का आरोप है।

आरोप है कि 30 अगस्त को युवक ने युवती को अलीगढ़ के हेवेन होटल में बुलाया। बताया गया कि वहां उसे अपनी होने वाली पत्नी से मिलवाना है। होटल पहुंचने के बाद युवती पर शादी करने के लिए दबाव बनाया गया। युवती ने शादी से इनकार करते हुए बताया कि उसकी शादी कहीं और तय हो चुकी है।

पीड़िता के बयान के अनुसार, इसके बाद युवक ने अपने दो साथियों को बुलाया और तीनों ने मिलकर उसके गले में फंदा डाल दिया। इससे युवती बेहोश हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आईसीयू में उसका उपचार चला।

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज कराने के लिए पहले बन्नादेवी और फिर लोधा थाने के चक्कर लगाने पड़े। बाद में एसएसपी के आदेश पर बन्नादेवी थाने में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular