नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में मुकाबला रोमांचक दौर में पहुंच गया है। मैच के चौथे दिन श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई। इसके बाद दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने पहली पारी में 8 विकेट पर 265 रन बनाए थे। चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों ने बाकी दोनों विकेट जल्दी हासिल कर श्रीलंकाई पारी को 290 रन पर समेट दिया।
सोनल दिनूशा का शतक, सूरियाबंदारा का अर्धशतक
श्रीलंका की पहली पारी में सोनल दिनूशा ने शानदार शतक लगाया, जबकि पसिंदु सूरियाबंदारा ने अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की ओर से मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन-तीन विकेट झटके।
दूसरी पारी में श्रीलंका 83/2
दूसरी पारी में श्रीलंका ने लंच तक 2 विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। कामिंदु मेंडिस 10 रन और पसिंदु सूरियाबंदारा 35 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
चौथे दिन के पहले सेशन में श्रीलंका ने 28 ओवर में 83 रन बनाए और इस दौरान दो विकेट गंवाए। वहीं, पहली पारी के बचे दो विकेट भी इसी सेशन में गिरे, जिसके चलते सेशन में कुल चार विकेट देखने को मिले।
भारत की नजर अब श्रीलंका को जल्द समेटकर मैच में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर है, जबकि मेजबान टीम दूसरी पारी में बड़ा स्कोर खड़ा कर भारत के सामने चुनौती पेश करने की कोशिश करेगी।


