मॉस्को। रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में स्थित एक गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को भीषण आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह चीनी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद नौ लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।
अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स की ओर से बुधवार को टेलीग्राम पर जारी जानकारी के मुताबिक, प्लांट में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया तथा लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
152 लोग घायल
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में 152 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 36 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के संभावित कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है।
अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स रूस की बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में से एक है। हादसे के बाद प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों की नजर लापता श्रमिकों की तलाश पर है।


