लहरपुर, सीतापुर। तहसील क्षेत्र लहरपुर के अंतर्गत लहरपुर-भदफर मार्ग पर ग्राम पोंगलीपुर के निकट शारदा सहायक नहर पर बने पुल की मरम्मत में कथित लापरवाही से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की समुचित मरम्मत कराने के बजाय विभाग द्वारा पुल पर राबिश डालकर छोड़ दिया गया है। इससे आवागमन बाधित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार पुल पर जगह-जगह राबिश बिखरी होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को निकलने में कठिनाई हो रही है। विद्यालय जाने वाले बच्चों के फिसलकर गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। वहीं, पुल से गुजरने वाले ऑटो रिक्शा भी असंतुलित होने के कारण पलटने की स्थिति में पहुंच जाते हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल आसपास के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद मरम्मत के नाम पर केवल राबिश डालकर छोड़ दिया गया है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने संबंधित नहर विभाग के अधिकारियों से पुल की शीघ्र समुचित मरम्मत कराने तथा राबिश को हटाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
पोंगलीपुर निवासी चंदन सिंह, उपेंद्र सिंह, मनोज सिंह, संतराम सिंह, देवराज सिंह, शेखर सिंह, सोनू सिंह, कल्लू सिंह, नरेंद्र सिंह, शैलेश सिंह, मड़ाई राम, लव कुश शुक्ला, राकेश सिंह, बृजेश सिंह, शैलेंद्र, सूरज सिंह, राम प्रकाश, मिथिलेश, छन्नू लाल, श्रीराम पांडे, श्यामू गुप्ता, प्रकाश गुप्ता और अनूप गुप्ता सहित अन्य ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पुल का निर्माण/मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।


