Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर जिला अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों की सुविधाओं...

हमीरपुर जिला अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों की सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश

हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने शुक्रवार को जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों के साथ पैथोलॉजी, सीटी स्कैन, ब्लड बैंक, एनआरसी और आयुष्मान केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक भी लिया।

तीमारदारों से स्ट्रेचर खिंचवाने पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान तीमारदारों द्वारा स्वयं स्ट्रेचर खींचकर मरीजों को ले जाने की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर से लाने-ले जाने की जिम्मेदारी वार्ड ब्वाय की होगी। किसी भी स्थिति में तीमारदारों से यह कार्य नहीं कराया जाए।

डीएम ने चिकित्सकों को अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्थान पर बाहर की दवाएं लिखने से बचने के निर्देश दिए। साथ ही अति गंभीर स्थिति होने पर ही मरीजों को हायर सेंटर रेफर करने को कहा।

मरीजों को पौष्टिक भोजन देने के निर्देश

अस्पताल की रसोई का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने मरीजों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने में केवल ब्रांडेड और पैक्ड तेल का इस्तेमाल किया जाए। खुले तेल के प्रयोग पर पूरी तरह रोक रखने के निर्देश दिए गए।

बच्चे की मौत की शिकायत पर जांच के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एक तीमारदार ने टीकाकरण के बाद बच्चे की मृत्यु और पर्चा बनवाने में हुई देरी की शिकायत जिलाधिकारी से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वायरल बुखार के चलते 92 बेड संचालित

सीएमएस डॉ. आर.एस. प्रजापति ने बताया कि अस्पताल में 68 स्वीकृत बेड हैं। वायरल बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए 24 अतिरिक्त बेड लगाए गए हैं, जिससे वर्तमान में कुल 92 बेड संचालित किए जा रहे हैं।

मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई और वार्ड ब्वाय की कार्यप्रणाली में सुधार की जरूरत बताई। उन्होंने अस्पताल में सर्जन की कमी को दूर करने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार करने का आश्वासन भी दिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. अलका शुक्ला, सीएमएस पुरुष डॉ. आर.एस. प्रजापति, सीएमएस महिला डॉ. राजीव कुमार और जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular