वॉशिंगटन। अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के निदेशक जॉन रैटक्लिफ की हालिया मॉस्को यात्रा को लेकर उठे सवालों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे सामान्य और नियमित प्रकृति का दौरा बताया है। रैटक्लिफ की अचानक रूस यात्रा की खबर सामने आने के बाद इसके उद्देश्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।
बताया गया कि CIA निदेशक मंगलवार को मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज से सरकारी विमान के जरिए मॉस्को के लिए रवाना हुए। यात्रा की आधिकारिक जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की गई थी। इसके चलते अमेरिकी प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस दौरे को लेकर चर्चा तेज हो गई।
शुरुआत में व्हाइट हाउस, CIA, पेंटागन और अमेरिकी वायुसेना ने रैटक्लिफ की यात्रा के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया। हालांकि, बाद में क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने CIA प्रमुख के मॉस्को पहुंचने की पुष्टि की।
रैटक्लिफ की यात्रा ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और रूस के बीच कई संवेदनशील मुद्दों को लेकर बातचीत और कूटनीतिक गतिविधियां जारी हैं। हालांकि, उनकी मॉस्को यात्रा के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा हुई और किन अधिकारियों से मुलाकात हुई, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रैटक्लिफ के रूस दौरे को ज्यादा असाधारण न बताते हुए इसे ‘सेमी-रूटीन’ यात्रा करार दिया। ट्रंप की इस टिप्पणी के बाद उन अटकलों को कुछ हद तक विराम मिला, जिनमें इस दौरे को किसी बड़े कूटनीतिक या खुफिया घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा था।


