इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से कम से कम 14 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। हादसा अस्पताल के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में हुआ, जहां उस समय कई नवजात भर्ती थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग सुबह करीब 7 बजे अस्पताल के तीसरे तल स्थित मदर एंड चाइल्ड वार्ड में लगी। स्थानीय मीडिया और बचाव सूत्रों ने बताया कि आग लगने की वजह एयर-कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट बताई जा रही है। हालांकि, अस्पताल की ओर से शुरुआती बयान में शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई गई थी। घटना की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
नर्सरी में मौजूद थे नवजात
PIMS के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के समय नर्सरी में 15 से 16 नवजात मौजूद थे। बचाव अभियान के दौरान कम से कम एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 14 नवजातों की जान चली गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के मुताबिक आग पर काबू पाने के बाद प्रभावित क्षेत्र में कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया। बचावकर्मियों ने अस्पताल की खिड़कियों के रास्ते भी अंदर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया।
जांच के आदेश, वार्ड सील
हादसे के बाद प्रभावित वार्ड को सील कर दिया गया है और घटना की जांच के लिए समिति गठित की गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख जताते हुए तत्काल जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। नवजातों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


